हमीरपुर। ठाकुर जगदेव चंद स्मृति शोध संस्थान नेरी में 15-16 फरवरी को पश्चिमी हिमालय मेें पुरातात्विक अन्वेषण विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय परिसंवाद का आयोजन भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद के सहयोग से किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत बतौर मुख्यातिथि भाग लेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के निदेशक डा. राजेश कुमार करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के कुलपति डा. कुलदीप चंद अग्निहोत्री, प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के कुलपति डा. एसपी बंसल और प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के कुलपति डा. सिकंदर कुमार बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
आयोजन सचिव डा. राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि परिसंवाद मेें डा. विवेक डांगी रोहतक, प्रो. राकेश भट्ट उत्तराखंड, डॉ. आर्य, डॉ. प्रशांत भारद्वाज, डॉ. शांतिदेव सिसोदिया ग्वालियर, डा. सुरेश कुमार उपनिदेशक भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद के विद्वानों का मार्गदर्शन मिलेगा। परिसंवाद में 75 से अधिक विद्वान एवं शोधार्थी उक्त विषय पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान शोध संस्थान के महासचिव भूमि दत्त शर्मा ने कहा कि 16 फरवरी को हिमाचल कला संस्कृति एवं भाषा अकादमी की ओर से शोध संस्थान संस्थापक ठाकुर रामसिंह के राज्यस्तरीय जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह मेें सांसद अनुराग ठाकुर बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहेंगे।