25 जनवरी को बाल स्कूल हमीरपुर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर होगा जिला स्तरीय समारोह
समारोह में मतदाताओं को शपथ के साथ आयोजित किए जाएंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। भारत निर्वाचन आयोग का स्थापना दिवस 25 जनवरी को हमीरपुर में भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। एडीएम एवं कार्यवाहक उपायुक्त राहुल चौहान ने शनिवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह की रूपरेखा तय की।
उन्होंने कहा कि इस बार भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता दिवस का थीम वोट जैसा कुछ नहीं वोट जरूर डालेंगे हम निर्धारित किया है। इस वर्ष जिला स्तरीय समारोह शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर में मनाया जाएगा, जिसमें हमीरपुर शहर एवं इसके आसपास के कुल 15 मतदान केंद्रों के बीएलओ, आम मतदाता तथा शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भाग लेंगे।
समारोह में मतदाताओं को शपथ भी दिलाई जाएगी। उन्होंने हमीरपुर शहर और इसके आसपास के विभिन्न स्कूलों, काॅलेजों और व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों के अधिकारियों को जिला स्तरीय समारोह में अपने-अपने संस्थान की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रतिभागी विद्यार्थियों की सूची 20 जनवरी तक जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए। जिला स्तरीय समारोह के अलावा प्रत्येक मतदान केंद्र पर भी यह दिवस मनाया जाएगा।
उन्होंने उच्चतर और प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशकों को निर्देश दिए कि वे विभिन्न स्कूलों के परिसरों के मतदान केंद्रों में मतदाता दिवस के आयोजन में सभी स्कूल प्रमुखों का सहयोग सुनिश्चित करें। बैठक में जिला निर्वाचन कार्यालय के तहसीलदार गुरभज सिंह राणा, नायब तहसीलदार राजेश कौंडल, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक डॉ. एमआर चौहान, पूनम चौहान, सुभाष चंद शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।