बिझड़ी (हमीरपुर)। जिला हमीरपुर में वीरवार सुबह 7 बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, कुछ लोगों के लिए आफत भी बन गई। विकास खंड बिझड़ी के तहत बाड़ा बाजार में सड़क का पानी लोगों के घरों में जा घुसा। ग्रामीणों में सावित्री देवी, अजय कुमार, संतोष कुमारी, संजय कुमार और जीती देवी का कहना है कि जब से बाड़ा बाजार में टायलिंग का काम हुआ है, उससे सड़क की ऊंचाई बढ़ गई है। जब भी बारिश हो रही है तो सड़क का पानी सीधा साथ लगते घरों में घुस रहा है।
इसके चलते इन लोगों के घर के अंदर रखा हुआ फर्नीचर, बेड, टेबल, अनाज खराब हो गया। इसके साथ ही सारे कमरे कीचड़ से भर गए हैं। लोगों में लोकनिर्माण विभाग के प्रति रोष पनप रहा है। इस संबंध में कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग राकेश चंदेल का कहना है कि वहां पर ड्रेन बनाने के लिए जगह बहुत ही कम है। इस सड़क का विस्तारीकरण का कार्य भी चला हुआ है, समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा। वहीं, जिला भर में बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है। जिससे भीषण गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली है। दूसरी ओर मक्की की फसल के लिए भी यह बारिश संजीवनी साबित हो रही है।