हमीरपुर। अपराजिता वह इंसान है जो किसी भी क्षेत्र में हार न माने और अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए मेहनत करे। यह शब्द पुलिस उपाधीक्षक हेडक्वार्टर हमीरपुर हितेश लखनपाल ने हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकासनगर में ‘अमर उजाला’ के अपराजिता अभियान के तहत आयोजित 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम के दौरान कहे। उन्होंने कहा कि कोई भी काम छोटा-बड़ा नहीं होता है, आदमी की सोच छोटी-बड़ी हो सकती है। दूसरे क्या सोचते हैं, इसका कोई महत्व नहीं है। बस खुद संतुष्ट होना जरूरी है। कामयाब आदमी वह है जो खुश और संतुष्ट है न कि जिसके पास पैसा और कार है। उन्होंने अपराजिता शब्द में प्रयोग अंग्रेजी के अक्षरों की परिभाषा बताकर अपराजिता का महत्व बताया।
उन्होंने कहा कि ए से अवेयरनेस, पी-पॉसीबिलिटी, आर-रिजनिंग, ए-अजर्टिव, जे-जॉयफुल आई-इनोवेटिव, टी-टेक्नोलॉजी ओरिएंटड और ए-अफेक्सिनेट होना असली अपराजिता के हरेक शब्द का अर्थ है। महिलाओं को सशक्त होने के लिए वित्तीय सशक्त होना जरूरी है। उन्होंने उपस्थित छात्राओं को कॅरिअर संबंधी टिप्स दिए। उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने, पुलिस की कार्यप्रणाली, आपातकालीन नंबरों आदि के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर स्कूल चेयरमैन प्रो. आरसी लखनपाल, सह चेयरमैन चंद्रप्रभा लखनपाल, निदेशक इंजीनियर पंकज लखनपाल, प्रधानाचार्य नैना लखनपाल सहित अन्य स्कूल स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। स्कूल प्रबंधन कमेटी सदस्यों ने डीएसपी को शॉल एवं टोपी पहनाकर सम्मानित किया। डीएसपी हितेश लखनपाल भी इसी स्कूल से पढ़े हैं।
क्या सफलता के रास्ते में असफलता भी मिली : रागिनी
छात्रा रागिनी ने पूछा कि क्या आपको भी सफलता के रास्ते में असफलताओं का सामना करना पड़ा? इस पर डीएसपी ने कहा कि उनका लक्ष्य आईएएस, आईपीएस, एचपीएस आदि सेवाओं में जाना था। आईएएस की मेन परीक्षा में वह अनुत्तीर्ण रहे। यह असफलता थी। उन्होंने कहा कि उसी दौरान एसपीएस में सिलेक्ट हो गए। छात्रा को पॉजीटिव रवैया बनाए रखने की सलाह दी।
डीएसपी बनने में स्कूल का क्या योगदान रहा : इप्शिता
छात्रा इप्शिता ने पूछा कि डीएसपी बनने में स्कूल का क्या योगदान रहा? इस पर डीएसपी ने कहा कि स्कूल का डीएसपी बनने के साथ-साथ एक अच्छा इंसान बनने में बहुत योगदान रहा। उन्होंने कहा कि अध्यापकों से जो सीखा उसी के कारण इस मुकाम पर पहुंचे हैं।
भविष्य में काम आएगी जानकारी : इशिता
छात्रा इशिता ने कहा कि अपराजिता अभियान के आयोजन से छात्राएं जागरूक हुई हैं। हेल्पलाइन नंबरों और पुलिस की कार्यप्रणाली और रवैये के बारे में डीएसपी ने जानकारी दी। जो भविष्य में काम आएगी। छात्रा ने कहा कि मेहनत कर हर मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
अमर उजाला का अभियान सराहनीय : लखनपाल
स्कूल निदेशक ई. पंकज लखनपाल ने कहा कि अमर उजाला का अपराजिता अभियान सराहनीय कार्यक्रम है। इसमें बच्चों को महत्वपूर्ण जानकारी मुख्यातिथि उप पुलिस अधीक्षक ने दी। उन्होंने कहा कि डीएसपी भी इसी स्कूल से पढ़े हैं। इससे छात्रों का मनोबल और बढ़ा है। इस कार्यक्रम में छात्राओं ने ध्यानपूर्वक डीएसपी को सुना और विभिन्न सवाल पूछकर अपनी शंकाएं दूर कीं।