हमीरपुर। सर्दियों के मौसम में जिले के लोग ठंड और कोहरे के कारण कई प्रकार की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ठंड की मार से अस्पताल में मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। जिले के ज्यादातर लोग बुखार, जुकाम, खांसी, गले और कान के दर्द, जोड़ों के दर्द आदि ने जकड़ लिए हैं। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में मेडिसन, ईएनटी और हड्डी रोगियों की संख्या में अधिक इजाफा हुआ है। इन दिनों अस्पताल में रोजाना एक हजार से 1200 मरीज इन रोगों की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। मेडिसन में सबसे ज्यादा ओपीडी हो रही है जो 400 के पार भी जा रही है। मेडिसन विशेषज्ञ के पास ज्यादातर बुखार, जुकाम, छाती में जकड़न, खांसी आदि के मरीज आ रहे हैं।
वहीं ईएनटी में कान, नाक, गले की दर्द और इससे संबंधित अन्य बीमारियों की शिकायत लेकर लोग पहुंच रहे हैं। ईएनटी में 250 से 300 मरीज रोजाना अपना इलाज करवाने पहुंच रहे हैं। हड्डी रोग ओपीडी के बाहर भी रोजाना मरीजों की भीड़ रह रही है। जोड़ों के दर्द, सर्वाइकल और अन्य हड्डी रोगों की शिकायत लेकर रोजाना 300 से 350 मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। मेडिसन विशेषज्ञ डा. भावेश ने लोगों से सर्दियों के मौसम में सावधानियां बरतने की आग्रह की है। उन्होंने खानपान का ध्यान रखने और खांसी, जुकाम या बुखार आने पर चिकित्सक को दिखाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि आजकल स्वाइन फ्लू होने का खतरा भी बना रहता है। इसलिए लोग खांसी, जुकाम, बुखार होने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाएं। उधर, एमएस डा. अनिल वर्मा का कहना है कि अस्पताल में सर्दियों के मौसम में मेडिसन, ईएनटी और हड्डी रोगी अधिक आ रहे हैं। इन सभी ओपीडी में एक हजार से ज्यादा मरीज आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से सावधानियां बरतने का आग्रह किया है।