हमीरपुर। जिला हमीरपुर की सब्जी मंडी में सब्जियों के दामों में 10 और 20 रुपये गिरावट के बावजूद कारोबार में मंदी छाई है। मटर, अदरक, फ्रासबीन, भिंडी और लौकी के दाम कम हुए हैं। लेकिन, अभी तक यह सब्जियां आम लोगों की पहुंच से बाहर हैं। वहीं प्याज के दाम में सीधे 5 रुपये की वृद्धि हुई है। प्याज पहले 20 रुपये बिक रहा था, अब 25 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा है। इन सब्जियों के दाम कुछ समय पहले आसमान छू रहे थे।
इससे सब्जी की दुकानों में ग्राहक भी कम आ रहे थे। वहीं फलों के दामों में भी कोई परिवर्तन नहीं आया है। दाम कम होने के बावजूद गृहणियों को परेशानी हो रही है। गोभी अभी तक 80 रुपये प्रति किलो, टमाटर 30 रुपये, आलू 20 रुपये, शिमला मिर्च 60 रुपये, लहसुन 40 रुपये, मूली 30 रुपये, बैंगन 40 रुपये, करेला 50 रुपये ही बिक रहा है। गोभी के दाम कुछ माह पहले 30 से 40 रुपये किलो और टमाटर के दाम 20 रुपये थे। वहीं बैंगन और मूली भी 20 से 30 रुपये के बीच थे। हालांकि सब्जी मंडी में मटर पहले 120 रुपये और अब 80 रुपये, फ्रासबीन पहले 80 रुपये अब 60 रुपये, भिंडी पहले 50 रुपये अब 40 रुपये, अदरक पहले 120 रुपये अब 100 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है। दूसरी तरफ फलों के दामों में कोई परिवर्तन नहीं आया है। सेब 80 रुपये, अनार 80, मौसम्मी 80 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही है। लोगों में ममता, सपना, बबली, पूजा, आशा, मीना और निशा देवी आदि का कहना है कि सब्जियों के दामों में जितनी गिरावट आनी चाहिए थे उतनी बाजार में नहीं है। महंगी सब्जी खरीदना मुश्किल हो गया है। गैस सिलेंडर के दाम भी काफी अधिक बढ़ चुके हैं। जिससे घर का बजट बिगड़ चुका है। इस संबंध में एपीएमसी सचिव हमीरपुर अनिल चौहान ने कहा कि सब्जी मंडी में सब्जियों की सप्लाई पर्याप्त आ रही है। आगामी दिनों में सब्जी और भी सस्ती होगी।