हमीरपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या हमीरपुर का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। स्कूल में मुख्यातिथि के रूप में उच्च शिक्षा उपनिदेशक सोमदत्त सांख्यान ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से की गई। इसके उपरांत स्कूल की छात्राओं ने पंजाबी गिद्दा, हिमाचली लोक नृत्य और महाराष्ट्र के लोक नृत्य पर विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। छात्रों की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमने को मजबूर हो गए। हिमाचली लोक गीत के माध्यम से प्रिंयका ने बेटी है अनमोल पर प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी।
स्कूल प्रधानाचार्य नीना ठाकुर ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। उन्होंने बताया कि स्कूल को इस वर्ष आदर्श विद्यालय का दर्जा मिलने के साथ-साथ स्वच्छता में भी जिला व राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार मिला है। मुख्यातिथि ने स्कूल के मेधावी छात्राओं व खिलाड़ी छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में इंस्पेक्शन विंग के डिप्टी डायरेक्टर अजय पटियाल, प्रधानाचार्य कमलेश सुमन, सुषमा, मंजू ठाकुर, नीलम शर्मा, मुख्याध्यापक देशराज कमल, एसएमसी प्रधान दीपक कुमार सहित स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों के अभिभावक मौजूद रहे।