हमीरपुर। डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधों में हो रही वृद्धि को देखते हुए राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, बडू (हमीरपुर) में साइबर सुरक्षा पर छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के अटल फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) के तहत यह कार्यक्रम 10 से 15 अगस्त तक आयोजित होगा। आवेदन की अंतिम तिथि पांच अगस्त निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के लिए अब तक करीब 15 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
इस प्रशिक्षण में एआईसीटीई से संबद्ध संस्थानों के फैकल्टी सदस्य और रिसर्च स्कॉलर भाग ले सकेंगे। कार्यक्रम में साइबर हमलों की चुनौतियों, डेटा सुरक्षा, सुरक्षित नेटवर्क, डिजिटल गोपनीयता और ऑनलाइन सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाएगी।
राजकीय बहुतकनीकी संस्थान बडू के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों और शोधार्थियों को साइबर सुरक्षा की नवीनतम तकनीकों और रुझानों से अवगत करवाना है।