हमीरपुर। टीबी के उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग विभिन्न योजनाओं के तहत लोगों की जांच और उपचार कर रहा है। जिला में टीबी रोगियों की जिंदगी संवारने में 146 निक्षय मित्र अहम भूमिका निभा रहे हैं। जिला में अब तक निक्षय मित्रों की ओर से टीबी मरीजों को 1238 पोषण किटें वितरित की जा चुकी हैं। जिला में इस साल तीन महीने में 230 के करीब टीबी मरीज मिल चुके हैं। इन मरीजों का उपचार भी शुरू हो गया है। एक निक्षय मित्र को एक मरीज को कम से कम छह माह तक एडॉप्ट करना होता है।
इन छह महीनों में मरीज का इलाज भी चलता है। मरीज को दी जाने वाली पोषण किट में प्रोटीन युक्त डाइट दी जाती है। इस डाइट में मरीज की पसंद की चीजों को भी शामिल किया जाता है। 2023 में जिला में करीब 920 और 2024 में भी करीब 925 टीबी मरीज पीडि़त मिले थे। इन मरीजों की नियमित जांच और दवाइयां दी गई। वहीं साल 2025 में भी अब तक करीब 230 मरीज टीबी से पीडि़त पाए गए हैं।
जिला को टीबी मुक्त बनाने के लिए विभाग की ओर शत-प्रतिशत प्रयास किया जा रहा है। अधिक निक्षय मित्रों की मदद मिलने से रोगियों को आर्थिक मदद मिलेगी। इच्छुक लोग क्षय केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। जिला में 146 निक्षय मित्र हैं, जो कि टीबी मरीजों को पोषण किटें देते हैं। अब तक करीब 1238 पोषण किटें वितरित की गई हैं।
-डॉ. सुनील वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी