हमीरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वीरवार को धर्मशाला में आयोजित जन आभार रैली के लिए एचआरटीसी हमीरपुर डिपो की 60 और 13 निजी बसें करीब 40 रूटों से गायब रहीं। सुबह-सुबह ही लोगों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए बसें न मिलने से खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बस अड्डा हमीरपुर, सुजानपुर, बड़सर, भोरंज, नादौन सहित कई अन्य बस ठहरावों पर लोगों की भीड़ इधर-उधर भटकती रही। कई लोगों को टैक्सियों, निजी वाहनों और लिफ्ट लेकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
सबसे अधिक परेशानी कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, प्राइवेट नौकरी करने वाले कर्मियों एवं छात्रों को हुई। सवेेरे अपने-अपने कार्यों को निकले लोगों को बसें न मिलने के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। रूट पर चल रही बसों में भी भीड़ रही। बसें न मिलने के कारण कर्मचारियों को अपने काम पर पहुंचने में देरी हुई। वहीं महिलाओं को निगम की बसों में किराये में मिलने वाली छूट भी नहीं मिली, क्योंकि महिलाओं को सरकारी बसें न आने के कारण प्राइवेट बसों में ही सफर करना पड़ा। धर्मशाला से लौटने पर बसों को रैली में गए लोगों को छोड़ने के लिए भेजा गया। इस कारण शाम को भी लोगों को घर जाने के लिए निगम की बसें नहीं मिलीं। जिन लोगों एवं छात्रों को बसों की कमी का पता था वह सुबह घर से ही अपने कार्यों और शिक्षण संस्थानों के लिए नहीं निकले। बसें न मिलने पर जिलाभर में लोगों में हलचल मची रही और निजी बसें भी ओवरलोड होकर रूट पर गईं। आरएम हमीरपुर विवेक लखनपाल का कहना है कि निगम की 60 बसें रैली में गई थीं। जो शाम को रैली में गए लोगों को छोड़ने के लिए लगाई गईं। उन्होंने कहा कि कई बसें महत्वपूर्ण रूटों पर भेजी गईं ताकि, लोगों को परेशानी न हो।