हमीरपुर। अब चिकित्सा के साथ-साथ डॉक्टर मरीजों को योग भी करवाएंगे। जिला आयुर्वेदिक विभाग लोगों को सेहतमंद रखने के लिए सप्ताह के प्रत्येक शुक्रवार को आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर में नि:शुल्क योग शिविर लगाएगा। इस शिविर में लोगों को तंदुरुस्त रहने के लिए विभिन्न योग क्रियाएं सिखाई जाएंगी और इसके बाद नित्य उन योग क्रियाओं को करने की सलाह दी जाएगी। वहीं बीमार, वृद्ध और शरीर की दर्द की शिकायत करने वाले लोगों को भी विभिन्न योग क्रियाएं बताई जाएंगी। इसके तहत बीते शुक्रवार से विभाग ने यह योग क्रियाएं करवाना शुरू कर दी हैं।
विभाग द्वारा यह शिविर प्रत्येक शुक्रवार को सुबह सात से आठ बजे तक लगाया जाएगा। इस शिविर में जिला या जिला से बाहर का कोई भी व्यक्ति चाहे महिला या पुरुष भाग ले सकते हैं। लोगों को विभिन्न योग क्रियाएं सिखाने के लिए विभाग के पास योग प्रशिक्षक भी है। शारीरिक दिक्कतों से परेशान या योग करने और सीखने के इच्छुक इस नि:शुल्क योग शिविर में भाग ले सकते हैं। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सविता राणा का कहना है कि प्रत्येक शुक्रवार को सुबह सात से आठ बजे तक यह योग शिविर लगेगा। लोग इस शिविर में आकर लाभ उठा सकते हैं।
----