हमीरपुर। त्योहारी सीजन पर एक्साइज विभाग की सिलसिलेवार छापेमारी से कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। धनतेरस और दिवाली के मौके पर एक्साइज विभाग ने हमीरपुर जिला की विभिन्न जगहों पर नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग की। बिना ई वे-बिल व टैक्स चोरी करने पर एक्साइज विभाग ने कारोबारियों से करीब अस्सी हजार रुपये जुर्माना वसूला है।
मंगलवार को सुबह सवेरे हमीरपुर में एक मिठाइयों से भरे एक टैंपो को चेकिंग के लिए रोका। टैंपो चालक मिठाइयों से संबंधित कोई बिल नहीं दिखा पाया। इस पर विभाग ने मौके पर मिठाई विक्रेता से दस हजार रुपये जुर्माना वसूला। इससे पहले एक्साइज विभाग ने मंडी जिला से हमीरपुर आ रहे एलईडी टीवी से लदे एक वाहन को चेकिंग के लिए रोका तो वह भी ई-वे बिल नहीं दिखा पाया। जिस पर विभाग ने 43,400 रुपये जुर्माना वसूला। एक अन्य वाहन जो हमीरपुर से बिलासपुर जा रहा था, उसे भी विभाग ने चेकिंग के लिए रोका। वाहन में वॉशिंग मशीनें थीं। वाहन मालिक मौके पर कोई बिल नहीं दिखा पाया। जिस पर एक्साइज टीम ने 30 हजार रुपये जुर्माना मौके पर वसूला। बता दें कि त्योहारी सीजन पर बाहरी राज्यों से भी भारी मात्रा में इलेक्ट्रिानिक व अन्य अन्य सामान आ रहा है, जिस पर विभाग की पैनी नजर है। सहायक आयुक्त राज्य आबकारी एवं कराधान विभाग हमीरपुर गगनेश गुप्ता ने कहा कि तीन कारोबारियों से विभाग ने बिन बिल का सामान पकड़ा, जिनसे 80 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है।