हमीरपुर।
निजी महाविद्यालय के प्रशिक्षुओं ने मांगों को लेकर शुरू किया क्रमिक अनशन जिला प्रशासन के आश्वासन के बाद शनिवार को तीसरे दिन खत्म कर दिया। अब सोमवार को तकनीकी शिक्षा निदेशालय सुंदरनगर में प्रशिक्षुओं के साथ निदेशक स्तर की होने वाली बैठक के बाद आगामी रणनीति बनेगी। हड़ताली प्रशिक्षुओं ने चेतावनी दी है कि अगर बैठक में उनकी मांगें नहीं मानीं तो वे दोबारा आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे। इसकी जिम्मेवारी जिला प्रशासन की होगी।
शनिवार को उपायुक्त कार्यालय में एडीसी हमीरपुर रतन गौतम, एसडीएम अरिंदम चौधरी और डीएसपी रेणू शर्मा ने हड़ताली प्रशिक्षुओं के साथ करीब एक घंटा बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रशासन की तरफ से प्रशिक्षुओं को अन्य कॉलेजों में कक्षाएं लगाने का प्रबंध करने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने फैशन डिजाइनिंग के छात्रों को नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी कांगड़ा में कक्षाएं लगाने और अन्य ट्रेडों के छात्रों को अन्य कॉलेजों में शिफ्ट करवाने का आश्वासन दिया।
जिले के एक निजी महाविद्यालय को 9 फरवरी 2018 को बंद किया जा चुका है। इसके चलते तीन महीने से प्रशिक्षु छात्रों की कॉलेज में पढ़ाई ठप है। महाविद्यालय में शिक्षा हासिल करने वाले विद्यार्थियों को दूसरे महाविद्यालय में भी शिफ्ट नहीं किया जा सका है। विद्यार्थियों का कहना है कि महाविद्यालय में ताला लगाते समय प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड और बैंक प्रबंधन ने इस महाविद्यालय में पढ़ने वाले प्रशिक्षुओं के भविष्य पर जरा भी ध्यान नहीं दिया। महाविद्यालय की प्रशिक्षु छात्र छात्राओं मुस्कान, रीना, आंचल, नेहा, सोनाली, ज्योति, नेहा रानी, प्रीति, विनय, काजल, अश्वनी कुमार ने कहा कि अगर सोमवार तक मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वह दोबारा क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठेंगे।