कॉलेज छात्रों ने धुना प्राध्यापक
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के एक नामी निजी महाविद्यालय में प्राध्यापक को छात्रा ने पीट डाला। शिक्षक पर दुराचार का आरोप है। पीड़ित छात्रा के परिजन भी महाविद्यालय में पहुंच गए। जिसके बाद छात्रा से छेड़छाड़ पर कालेज के छात्रों ने प्राध्यापक की जमकर धुनाई कर दी। इसके साथ ही प्राध्यापक की पिटाई का वीडियो भी बनाया गया। जिसे बाद में सोशल मीडिया में वायरल कर दिया गया। मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस थाना हमीरपुर से पुलिस टीम कॉलेज में पहुंची। मामला काफी तनावपूर्ण होने के चलते एडिशनल एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने प्राध्यापक को छात्रों से छुड़वाकर अपनी हिरासत में लिया।
काफी देर तक कॉलेज के छात्र-छात्राओं और प्रबंधन से पूछताछ के बाद पुलिस प्रध्यापक को पुलिस थाना हमीरपुर ले आई। प्रारंभिक पूछताछ में कॉलेज के प्राध्यापक ने मारपीट के पीछे कोई गंभीर बात नहीं बताई है। उन्होंने इतना कहा कि क्लास में छात्रा को पढ़ाई के लिए डांटा गया था। इतनी से बात को लेकर छात्रा ने कुछ छात्रों को यह बात बता दी और उसके बाद एक दर्जन छात्रों ने मिलकर कालेज प्राध्यापक की पिटाई कर दी। वहीं छात्रा ने कालेज के प्राध्यापक पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। छात्र हमीरपुर जिला की रहने वाली है, जबकि अध्यापक जिला से बाहर का बताया जा रहा है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने कहा कि कालेज से फोन आने पर तुरंत पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि वह खुद भी कालेज गए थे। कालेज प्राध्यापक को हिरासत में लेकर मेडिकल करवाया जा रहा है। एएसपी ने कहा कि कालेज की छात्रा के बयान भी कलमबद्ध किए जा रहे हैं।
---