जाहू(हमीरपुर)। स्थानीय कस्बा और आसपास के क्षेत्र में दो दिनों से पड़ रहे कोहरे से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। सुबह होते ही चारों ओर भूमि कोहरे की सफेद चादर से ढकी हुई दिखाई दे रही है। जिलाभर में बारिश न होने और कोहरा पड़ने के कारण ठंड बढ़ गई है। भोरंज उपमंडल का जाहू कस्बा तीन जिलों बिलासपुर, हमीरपुर व मंडी जिला का संगम स्थल है और दोनों ओर से सीर और सुनैहल खड्ड से घिरा हुआ है। इस कारण यहां कोहरे और ठंड का प्रकोप अधिक है। यहां की भूमि समतल व नमी वाली होने की वजह से कोहरा दो दिनों से भारी मात्रा में पड़ रहा है। चारों ओर भूमि पर कोहरे की सफेद चादर सुबह के आठ बजे तक देखी जा सकती है।
कोहरे के कारण दो दिनों से ठंड भी बढ़ गई है। इससे वाहन चालकों को सुबह सवेरे आवाजाही के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। ठंड के कारण लोग नौ बजे तक घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। दूसरी ओर लावारिस पशु भी ठंड के कारण ठिठुर रहे हैं और ठंड से बचने के लिए रिहायशी मकानों के आसपास जमावड़ा लगाए हुए हैं। जाहू व्यापार मंडल के अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान, दुकानदार किशोरी वर्मा, अजीत सिंह, सोनवीर, उत्तम चंद, सुनील कुमार, राकेश कुमार, सतीश कुमार, दिपू, अनमोल, राजेश कुमार का कहना है कि बारिश न होने के कारण कोहरे से जाहू में काफी ठंड हो रही है। दूसरी ओर बडैहर, मुंडखर, भलवाणी, धमरोल पंचायतों में भी कोहरे के कारण ठंड से लोग ठिठुर रहे हैं।