हमीरपुर। जिला के दो गांवों में आग लगने से दो रिहायशी मकान राख हो गए। दोनों परिवारों को करीब साढ़े तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। शनिवार रात को उपमंडल नादौन के बनोह गांव में अमर सिंह पुत्र रूलिया राम के मकान में घरेलू गैस सिलेंडर से लीकेज के कारण आग भड़क गई। इस कारण मकान और रसोई स्वाह हो गई। परिवार सदस्यों ने घर से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। उन्होंने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। प्रभावित परिवार का करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
वहीं ग्राम पंचायत नरेली के गांव नरेली रांगड़ा में रविवार सुबह कुंता देवी पत्नी शक्ति चंद के मकान में अचानक आग भड़क गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग की लपटें उठती देख परिवारजनों ने दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत बाद आग पर काबू पाया। आग से ढाई लाख का नुकसान हुआ है। वहीं विभाग ने आग पर काबू पाकर कुंता देवी के घर को जलने से बचा लिया। स्टेशन फायर ऑफिसर राजेंद्र चौधरी का कहना है कि दोनों ही घटनाओं पर विभागीय कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया। आग से कुल साढ़े तीन लाख का नुकसान हुआ है।