भोरंज (हमीरपुर)। बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय भोरंज की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के विभिन्न रिक्त पद भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारी जीत राम चौधरी ने बताया कि विकास खंड भोरंज के आंगनबाड़ी केंद्र ककरोट-1 में कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी केंद्र नाहलवीं-1 में कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी केंद्र भौंखर में कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी केंद्र साहरवीं में कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी केंद्र खुथड़ी-1 में कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी केंद्र बडैहर-2 में कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी केंद्र भोरंज-2 में सहायिका, केंद्र बडैहर-2 में सहायिका, आंगनबाड़ी केंद्र मन्वी-1 में सहायिका, आंगनबाड़ी केंद्र भकरेड़ी में सहायिका, धमरोल के आंगनबाड़ी केंद्र याणवी में सहायिका, आंगनबाड़ी केंद्र मसेरडू में सहायिका के पद भरे जाएंगे। इन पदों की भर्ती के लिए 21 से 45 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिला अभ्यर्थी सादे कागज पर आवेदन कर सकती हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम बारहवीं कक्षा और सहायिका के लिए आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर आठवीं या उससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले पात्र अभ्यर्थी के अभाव में पांचवीं कक्षा पास अभ्यर्थी भी पात्र होंगी। एक जनवरी 2021 की पारिवारिक स्थिति के आधार पर अभ्यर्थी के परिवार के मुखिया के नाम जारी आय प्रमाणपत्र के अनुसार वार्षिक आय 35000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। उक्त पदों के लिये संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के संग्रहण क्षेत्र के अभ्यर्थी ही पात्र होंगे।
साक्षात्कार 9 अगस्त को सुबह 10 बजे बाल विकास परियोजना अधिकारी भोरंज के कार्यालय में आयोजित होंगे। साक्षात्कार के लिए अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। अभ्यर्थी सादे कागज पर आवेदन कर अपने पूर्ण विवरण के साथ दस्तावेजों, प्रमाण पत्रों की सत्यापित छाया प्रतियों के साथ 7 अगस्त शाम 5 बजे तक जमा करवा सकते हैं।