अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। ‘अमर उजाला’ के अपराजिता अभियान के 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम के तहत वीरवार को हमीरपुर में जागरूकता रैली निकाल छात्राओं और महिलाओं में नए जोश को संचार किया गया। खराब मौसम के बावजूद इस रैली में विभिन्न स्कूलों की छात्राओं, महिलाओं एवं बाल विकास विभाग से आंगनबाड़ी वर्कर्स, महिला मंडल सदस्य सहित करीब 1500 प्रतिभागियों ने भाग लिया। चिल्ड्रन पार्क हीरानगर से शुरू रैली को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह, एसडीएम जफर इकबाल (आईएएस) और सीडीपीओ हमीरपुर बलवीर बिरला ने हरी झंडी दिखाई। महिला एवं बाल विकास विभाग से संरक्षण अधिकारी प्रदीप चौहान विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। चिल्ड्रन पार्क में एकत्रित हुई छात्राओं और महिलाओं को नारी गरिमा की शपथ दिलाई गई। चिल्ड्रन पार्क हीरानगर से डांग क्वाली, गांधी चौक होते हुए दो किलोमीटर का सफर तय करने के बाद रैली भोटा चौक पर समाप्त हुई। रैली में उपस्थित छात्राओं और महिलाओं ने नारों से महिला शक्ति का एहसास कराया। इन्होंने सम्मान-प्रतिष्ठा और प्यार, महिला सशक्तीकरण के हैं आधार...महिला शक्ति का परचम दिखाना है, महिलाओं को आगे बढ़ाना है.., महिला अबला नहीं, सबला है, जीवन कैसे जीना, यह उसका फैसला है और नारी शक्ति जिंदाबाद के नारे लगाए।
इसके साथ ही विभन्न नारों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण के प्रति लोगों को जागरूक किया। वहीं, सीनियर सिटीजन काउंसिल हमीरपुर के तरफ से छात्राओं और महिलाओं के लिए रिफ्रेशमेंट के तौर पर फल वितरित किए गए।। इस रैली में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर, केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर, डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपुर, ब्लू स्टार सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर, हिम अकादमी पब्लिक स्कूल हीरानगर और विकासनगर, एसडी पब्लिक सीसे स्कूल हमीरपुर, आशियाना पब्लिक स्कूल अणू, सुपर मैग्नेट पब्लिक सीसे स्कूल हमीरपुर, परमार्थ इंटरनेशनल स्कूल कक्कड़ियार, हमीरपुर पब्लिक स्कूल डुग्घा आदि स्कूलों की छात्राओं सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और महिला मंडल सदस्य मौजूद रहीं। वहीं, छात्राओं ने विभिन्न नारों को पट्टिकाओं पर अंकित कर महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया।