हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव एवं प्रवक्ता अभिषेक राणा ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि हर मोर्चे पर नाकाम रही मोदी सरकार ने अपनी गलत नीतियों से देश की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचाया है। देश को आर्थिक मंदी के कगार पर ला खड़ा किया है। कमरतोड़ महंगाई और देश की अर्थव्यवस्था को न संभाल पाने की वजह से देश में आर्थिक मंदी के आसार बन रहे हैं। आरबीआई की ओर से ब्याज दरें बढ़ाई नहीं जा रही, कच्चे तेल की कीमतें बढ़ रही हैं और रुपये की कीमत लगातार घटती जा रही है। इससे देश की अर्थव्यवस्था चरमरा कर रह गई है।
पूर्व यूपीए सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पूरे विश्व में हुई आर्थिक मंदी का असर भारत पर नहीं होने दिया था और देश की अर्थव्यवस्था को सुरक्षित रखा था लेकिन, मोदी सरकार भाषणों के मोर्चे पर तो शेर बन रही है लेकिन, देश की अर्थव्यवस्था संभालने के मोर्चे पर फिसड्डी साबित हो रही है। हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर खोखली घोषणाएं करते हैं। राणा ने उन्हें शिलान्यास की राजनीति करके इस संसदीय क्षेत्र की जनता को गुमराह करने वाला नेता करार दिया। पिछले कई सालों से हमीरपुर में कागजों पर रेल चलाने वाले सांसद अब चुनावों के निकट रेललाइन का शिलान्यास होने का राग अलाप रहे हैं लेकिन, वह बताएं कि क्या इस प्रस्तावित शिलान्यास का हश्र भी वैसा ही होगा, जैसा कालका परवाणू ब्रॉडगेज रेल लाइन के शिलान्यास का हुआ था? इस अवसर पर युवा कांग्रेस के अश्वनी, बुद्धि सिंह, राकेश, एडवोकेट संदीप, पंकज व उपेंद्र सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।