जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत पड़ती ग्राम पंचायत लगमंवी के गांव लगरीड़ा में पेयजल की सप्लाई के दौरान नल से मरा हुआ चूहा निकला है। इससे ग्रामीणों में विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ रोष बढ़ने लगा है। लोगों ने विभाग से पेयजल टैंक को साफ करवाने की मांग उठाई है। जब से लगरीड़ा गांव के लिए पेयजल टैंक का निर्माण हुआ है, इसे साफ नहीं किया गया। लगरीड़ा गांव के निवासी विनोद कुमार ने कहा कि उनके नलके में पिछले 15 दिनों से पानी नहीं आ रहा था। जब 15 दिन के बाद नलके को खोला तो उसमें कुछ फंसा हुआ था, जब लकड़ी को पेयजल पाइप में डाला तो इसमें एक सड़ा हुआ चूहा निकला।
गांव के लोगों देश राज, राकेश कुमार, कमल कुमार, अशोक कुमार, संजय कुमार ने कहा कि पेयजल टैंक की साफ सफाई न होने की वजह से लोग मरे हुए चूहों और कीड़ों वाला पानी पीने के लिए मजबूर हैं। इस टैंक से लगरीड़ा गांव के लगभग 25 घरों को पानी की सप्लाई होती है और इस टैंक में पानी की सप्लाई चाव पेयजल योजना से होती है। लोगों ने पानी से भरी सभी टंकियों से पानी बाहर फेंक दिया है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और आईपीएच मंत्री से मांग की है कि अधिकारियों को टैंक साफ करवाने के आदेश दिए जाएं। इस संबंध में आईपीएच विभाग भोरंज के सहायक अभियंता अजय वर्मा ने कहा कि अगर नल से सड़ा हुआ चूहा निकला है तो कर्मचारियों को भेज कर पेयजल टैंक की सफाई करवाई जाएगी।