हमीरपुर। गृहिणी सुविधा योजना के तहत जिले के 2490 परिवारों को प्रथम चरण में गैस कनेक्शन मिलेंगे। पंचायतों की रिपोर्ट के अनुसार जिले में 8428 परिवार बिना रसोई गैस के हैं। इनमें से 6361 परिवारों ने विभाग को गैस कनेक्शन के लिए आवेदन कर दिया है। विभाग इन 6361 परिवारों की गैस एजेंसियों के माध्यम और प्रत्येक परिवार सदस्य के आधार कार्ड के आधार पर जांच कर रहा है। अभी तक विभाग के पास 2703 आवेदनकर्ता परिवार सही पाए गए हैं। जबकि शेष परिवारों की जांच चली हुई है। विभाग सितंबर माह के शुरू तक पहले चरण में 2490 परिवारों को गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाएगा। जबकि शेष परिवारों को भी गैस कनेक्शन का वितरण जल्द ही किया जाएगा।
केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना से वंचित रहे परिवार राज्य सरकार की गृहिणी सुविधा योजना के तहत गैस कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के तहत सरकारी कर्मचारी, सरकारी विभाग से सेवानिवृत्त पेंशनर और ऐसे परिवार जिनके पास पहले से ही गैस कनेक्शन मौजूद हैं, आवेदन नहीं कर सकते हैं। गृहिणी सुविधा योजना के तहत गैस कनेक्शन के लिए कोई फीस नहीं लगेगी और इसके तहत पहला सिलेंडर सरकार की तरफ से गैस से भरा हुआ मिलेगा। इस संबंध में डीएफएससी शिवराम राही का कहना है कि पंचायतों की रिपोर्ट के अनुसार जिले के 8428 परिवारों के पास गैस कनेक्शन नहीं हैं। इनमें से 6361 परिवारों ने विभाग को आवेदन कर दिया है। इनकी जांच की जा रही है। जांच में अभी तक 2703 परिवार सही पाए गए हैं। जबकि अन्यों की जांच चल रही है। सितंबर माह के शुरू तक प्रथम चरण में 2490 परिवारों को गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। जबकि शेष पात्र परिवारों को भी जल्द गैस कनेक्शन वितरित किए जाएंगे। इसके लिए सप्लाई मंगवाई गई है।