हमीरपुर में वैक्सीन लगवाती युवती।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में कोविड-19 से जारी जंग में गत सप्ताह तक लक्ष्य के मुकाबले 111 फीसदी टीकाकरण किया जा चुका है। यह प्रदेश में सबसे अधिक है। हमीरपुर जिले में 16 मई तक कोविड-19 वैक्सीन की 1 लाख 90 हजार 204 खुराक दी जा चुकी हैं। इनमें 1 लाख 56 हजार 145 लोगों को पहली खुराक, जबकि 34059 लोगों को दोनों खुराक दी जा चुकी हैं। 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 71,035 लोगों को पहली तथा 24,548 लोगों को दोनों खुराक दी जा चुकी हैं।
45 से 60 वर्ष आयु वर्ग में 75,788 लोगों को पहली और 2,665 लोगों को दोनों खुराक दी जा चुकी हैं। हेल्थकेयर वर्कर में 6,155 को पहली और 4,556 को दोनों, फ्रंटलाइन वर्कर में 3,167 को पहली और 2,290 को दोनों खुराक दी जा चुकी हैं। सोमवार से 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लिए भी टीकाकरण शुरू हो गया है। पहले दिन 1300 टीके लगाने का लक्ष्य रखा है। हिमाचल प्रदेश ने कोविड टीकाकरण में पूरे देश में प्रथम स्थान पाया है। टीका योग्य आबादी के हिसाब से प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में टीकाकरण की दर 31 फीसदी आंकी गई है। यह राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। 13 मई तक प्राप्त ब्योरे के अनुसार हमीरपुर जिले में विभिन्न श्रेणियों के लिए निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 111 फीसदी टीकाकरण किया जा चुका है।
यह प्रदेश की 83.5 फीसदी की औसत से अधिक है। हाल ही में सरकार ने मीडिया और न्यायिक सेवाओं से जुड़े कर्मियों के अतिरिक्त एचआरटीसी के चालकों-परिचालकों, फ्यूल पंप ऑपरेटर, पीडीएस डिपो होल्डर्स, कोविड ड्यूटी में तैनात शिक्षकों, बैंक एवं वित्तीय सेवाओं, केमिस्ट, लोकमित्र केंद्र में तैनात स्टाफ, चाइल्ड केयर संस्थानों के कर्मचारियों तथा विन्निर्माण प्रक्रिया में जुड़े फार्मा उद्योग के वर्कर्स को वैक्सीनेशन के लिए प्राथमिकता सूची में रखा है। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि हमीरपुर जिले में कोविड टीकाकरण के बेहतर प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने पात्र लोगों से आग्रह किया है कि वे कोविन पोर्टल पर पंजीकरण करवाने के पश्चात तय शेड्यूल के अनुसार स्लॉट बुक कर सकते हैं।