नादौन। नगर पंचायत नादौन में सड़कों तथा गलियों के निर्माण कार्यों से टूटे पेयजल पाइपों से बहता पानी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। तहसील चौक खालसा गेट से मेन बाजार की ओर जाने वाली सड़क पर पेयजल की टूटे पाइपों से उठ रही पानी की बौछारें इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। यही हाल शहर के अन्य स्थानों पर भी देखा जा सकता है।
यहां पर पेयजल की बर्बादी हो रही है और पानी की बौछारों के कारण लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो चुका है। लोगों का कहना है कि इन टूटे पाइपों से बारिश के समय गंदा पानी लोगों के घरों में पहुंचकर कभी भी कोई जलजनित बीमारी का कारण बन सकता है। लोगों में इस बात के लिए भी रोष है कि नादौन शहर में जल शक्ति विभाग का कोई भी शिकायत कक्ष या रजिस्टर नहीं है। जहां वे घरों में टूटे पाइपों के कारण पानी न पहुंचने की शिकायत कर सकते हैं।
आजकल कोविड-19 के कारण वैसे भी कर्फ्यू की स्थिति में शहर से 2 किलोमीटर दूर गगाल गांव में पहुंचकर जल शक्ति विभागीय कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाना टेढ़ी खीर बन चुका है। इसी स्थान पर सीवरेज के मेन होल कवर सड़कों से इतने ऊंचे बनाए गए हैं कि वाहन चलाना तो दूर पैदल चलने वालों को भी ठोकरें खानी पड़ती है। काफी लंबे समय से चलाए जा रहे इस कार्य की ओर नगर पंचायत गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है।
वहीं, जल शक्ति विभाग भी मौन बैठा है। लोगों ने नगर पंचायत कार्यालय में पेयजल आपूर्ति संबंधी शिकायत रजिस्टर रखने की मांग उठाई है तथा इस सड़क सहित शहर की अन्य सड़कों पर चल रही इसी तरह की समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई है। नगर पंचायत अध्यक्ष तरुण कपिल ने कहा कि कि जल शक्ति विभाग को अवगत करवा कर इस समस्या का समाधान करवाया जाएगा। उधर, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश सोनी ने कहा कि समस्या ध्यान में लाई गई है। जल्द ही इसका हल कर दिया जाएगा।