रंगस/नादौन (हमीरपुर)। प्रदेश वन्यजीव सप्ताह-2026 के तहत सिद्धार्थ राजकीय महाविद्यालय नादौन में 107 विद्यार्थियों ने वन्यजीव एवं प्राकृतिक आवास जागरूकता पदयात्रा में भाग लिया।
विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के आसपास के क्षेत्र, भरमोटी और गगाल गांव में विभिन्न पौधों और वन्यजीवों की जानकारी जुटाकर उसका दस्तावेजीकरण किया।
महाविद्यालय के ईको क्लब और रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ठाकुर ने विद्यार्थियों को वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आवास नष्ट होने के कारण कई वन्यजीव और पौधों की प्रजातियां विलुप्ति के कगार पर पहुंच रही हैं। इनके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
कार्यक्रम संयोजक एवं वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. भगवती प्रसाद शर्मा ने बताया कि पदयात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने करीब 75 पौधों और वन्यजीवों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र की।
कार्यक्रम में ईको क्लब की संयोजक एवं प्राणी विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सुनीता सकलानी, प्रो. रुचि सांगल और डॉ. धृति शर्मा के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने भाग लिया।