हमीरपुर। जिला मुख्यालय के साथ लगते बडू कस्बे में रविवार सुबह हमीरपुर से कक्कड़ रूट पर जा रही निगम की बस अनियंत्रित होकर नाली के साथ लगते डंगे से टकरा गई। हादसे में बस क्षतिग्रस्त हो गई और नाली में फंस गई। इस घटना में किसी सवारी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। जबकि चालक व परिचालक सुरक्षित हैं। गनीमत रही की बस टक्कर के बाद पलटने से बच गई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। रविवार सुबह हमीरपुर से कक्कड़ रूट पर जा रही निगम की बस बारिश के कारण स्किड होकर नाली के डंगे से टकरा गई।
इस घटना में बस में बैठी किसी भी सवारी को कोई चोट नहीं आई लेकिन, इसमें बस का काफी नुकसान हुआ है। बता दें के जिलाभर में सुबह से बारिश के कारण सड़कों पर कीचड़ का आलम बना हुआ है। बताया जा रहा है कि बस की गति अधिक नहीं थी। अगर बस की गति अधिक होती तो बड़ा हादसा भी हो सकता था। प्रदेश भर में बस हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस संबंध में एचआरटीसी हमीरपुर के बस अड्डा इंचार्ज बलवीर ने कहा कि इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण बस स्किड हुई है।