जाहू (हमीरपुर)। महिला एवं बाल विकास विभाग के सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका कल्याण संघ ने 8 और 9 जनवरी को प्रस्तावित हड़ताल का विरोध किया है। इस दिन सभी आंगनबाड़ी केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया है। कल्याण संघ के मुख्य संयोजक एवं प्रदेशाध्यक्ष रीना ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कल्याण संघ से जुडे़ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 8 और 9 जनवरी को खुले रहेंगे।
कल्याण संघ केवल मुद्दों के आधार पर ही सरकार का समर्थन और विरोध करेगा। संघ सरकार के साथ बेहतर संबंध और समन्वय स्थापित करके अपनी लंबित मांगों को सरकार और विभाग के समक्ष रखेगा। रीना ने कहा कि हर बार सरकार के समक्ष हड़ताल और विरोध प्रदर्शन करने से मांगों को रखने से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का विरोध ही हुआ है। इससे दूसरे राज्यों की तर्ज पर मानदेय बढ़ाने तक की मांग पूरी नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि समय के अनुरूप अब मांगों को सरकार से पूरा करवाने के लिए ध्यान देना चाहिए। सीटू के बैनर तले 8 और 9 जनवरी को देशव्यापी हड़ताल प्रस्तावित है। जिसका कल्याण संघ ने विरोध जताया है।