नादौन (हमीरपुर)। हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ नादौन ब्लॉक की बैठक वरिष्ठ राज्य उपाध्यक्ष दलेर जंवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नादौन में हुई। इसमें अध्यापकों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
इस दौरान संघ ने विभाग के अध्यापकों की वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने संबंधी निर्णय का विरोध किया। संघ ने मुख्यमंत्री से आह्वान किया कि विभाग के इस फैसले को तुरंत वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि अध्यापकों के परीक्षा परिणाम का आकलन केवल एक वर्ष में नहीं किया जा सकता। परीक्षा परिणाम कम रहने के पीछे कहीं न कहीं आठवीं कक्षा तक फेल न करने की नीति भी जिम्मेवार है। इस मौके पर दलेर जंवाल और खंड प्रधान रितेश शर्मा ने कहा कि स्कूलों में मुख्याध्यापक और प्रधानाचार्य के पद खाली चल रहे हैं। इस कारण स्कूलों में पढ़ाई सुचारु रूप से नहीं चल पा रही है। बैठक में सुनील शर्मा, जोगिंद्र सिंह, रिपिन परमार, प्रवीण पटियाल, राजेश गौतम, सुरेश कुमार, अविनाश चंद, प्रवीण सिंह, पवन कुमार, शशिपाल, विपिन पटियाल, सुरेश कुमार और राजेश कुमार आदि उपस्थित रहे।