हमीरपुर। विधानसभा चुनावों को लेकर युवाओं में भारी उत्साह दिखा। 18 वर्ष से 21 वर्ष तक आयु वर्ग के नौजवानों में वीरवार सुबह लोकतंत्र के महापर्व को लेकर एक नया माहौल देखा गया। कई युवाओं का कहना है कि जिस तरह कोई बेरोजगार नौकरी मिलने पर खुशी मनाता है, ठीक उसी तरह उन्हें पहली बार अपना वोट डालकर खुशी का अनुभव हुआ। कुछ युवाओं का कहना है कि सुबह नहाने-धोने के बाद उन्होंने सबसे पहले मतदान किया और उसके बार नाश्ता ग्रहण किया। नेक काम में कोई देरी नहीं होनी चाहिए। युवाओं के कंधों पर अपने देश को विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा करने की बहुत बड़ी जिम्मेवारी है।
एक-एक वोट का है बहुत महत्व : किरण
विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के तहत ग्राम पंचायत दडूही की किरण बाला का कहना है कि वह पहली बार मतदान कर रही हैं। किरण ने कहा कि उन्हें इस बात की पूरी जानकारी है कि लोकतंत्र में एक-एक वोट का क्या महत्व है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में विकास की लौ जगानी है तो प्रत्येक मतदाता को अपने अधिकार और दायित्व का ज्ञान होना चाहिए।
हमने अपना दायित्व निभाया, अब नेता निभाएं : असलम
दडूही के रहने वाले असलम के चेहरे पर पहली बार मतदान को लेकर खुशी की लहर स्पष्ट दिख रही है। वह कहते हैं कि हमने मतदान कर अपना दायित्व निभा दिया है, अब बारी नेताओं की है। चुने हुए विधायकों को युवाओं के लिए रोजगार के बारे में सोचना होगा। नहीं तो प्रदेश में बेरोजगारों की एक बहुत बड़ी फौज खड़ी हो जाएगी। ऐसा नेता होना चाहिए, जो युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करे।
मतदान करके अच्छा लगा : बबीता
हमीरपुर शहर के मॉडल मतदान केंद्र पर मतदान करने पहुंची बबीता कहती हैं कि आज उन्हें बहुत खुशी हो रही है कि उन्होंने पहली बार मतदान किया है। लोकतंत्र में जनता के द्वारा चुनी हुई सरकारी होनी चाहिए, जो बेरोजगारों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों समेत समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए कार्य करे।
मैं चुनूंगी अपनी सरकार : कविता
नगर परिषद हमीरपुर की रहने वाली कविता पहली बार मतदान करने के बाद बहुत खुशी है। वह कहती हैं कि इससे पहले उन्होंने ना तो पंचायत, और न नगर परिषद व लोस में मतदान किया। लेकिन वीरवार को पहली बार विस के चुनाव में भाग लेकर पहली बार आनंद की अनुभूति हुई। कविता कहती हैं कि मैं अपनी सरकार चुनूंगी, जो उम्मीद है कि वह समाज व प्रदेश की बेहतरी के लिए कार्य करेगी।