पहले में पांच स्कूलों ने की थी पहल, अब 15 स्कूलों में विद्यार्थियों के साथ शिक्षक भी ड्रेस में आ रहे स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से डिसेंट ड्रेस कोड के निर्देश के बाद दिया एकरूपता का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला के 10 और स्कूलों ने ड्रेस को लागू कर एकरूपता का संदेश दिया है। इससे पूर्व पांच स्कूल प्रमुखों ने ही ड्रेस कोड लागू किया था। अब जिले में 15 स्कूलों के शिक्षक ड्रेस कोड में स्कूल पहुंच रहे हैं। स्कूल मुखिया और अध्यापकों की इस पहल की स्कूल प्रबंधन समिति, पंचायत प्रतिनिधियों और अभिभावकों ने सराहना की है।
अध्यापकों के ड्रेस कोड से अन्य स्कूलों के अध्यापक भी प्रेरित हो रहे हैं। स्कूल प्रमुखों ने अध्यापकों के साथ निजी तौर पर फंड जमा कर ड्रेस कोड को लागू किया है। ड्रेस कोड में अधिकांश स्कूलों में पुरुष वर्ग में सफेद कमीज और काली पेंट तथा महिला अध्यापिकाओं ने लाइट ग्रीन कमीज और सलवार का चुनाव किया है। अध्यापक वर्ग की सहमति से नई ड्रेस लगाई है। स्कूलों में सबसे पहले शिक्षा खंड भोरंज के अध्यापकों ने ड्रेस कोड को लागू किया है।
शिक्षा निदेशालय की ओर से स्कूल प्रमुखों को डिसेंट ड्रेस में स्कूल आने के निर्देश जारी किए गए थे ताकि स्कूल में कोई भी शिक्षक पश्चमी पहनावे या अन्य चटक रंग के कपड़ों न आ सके। निर्देश लागू होने के बाद जिला के स्कूल प्रमुख एक-एक कर ड्रेस कोड लागू कर रहे हैं ताकि स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को प्रेरित किया जा सके। ड्रेस कोड में शिक्षकों ने सप्ताह के छह दिनों के अनुसार कोड तय किया है ताकि शिक्षकों को दिक्कत न हो। ड्रेस कोड लागू करने से पूर्व स्कूल प्रमुखों ने उच्चत्तर शिक्षा विभाग के पास आवेदन किया था। आवेदन स्वीकृत करने के बाद ही स्कूल शिक्षकों को ड्रेस कोड लागू करने की सहमति मिली है।
कोट
-जिला के 15 स्कूलों ने ड्रेस कोड को लागू किया है। आपसी सहमति और रणनीति के बाद ही स्कूल शिक्षकों ने ड्रेस कोड शुरू किया है। इससे पूर्व पांच स्कूल प्रमुखों ने ही ड्रेस कोड लागू किया था।-डॉ. एमआर चौहान, उपनिदेशक, उच्चत्तर शिक्षा विभाग हमीरपुर