विदेश में रह रही राणा की पत्नी की मुश्किल बढ़ी, जमानत अर्जी खारिज
एमबीयू के फर्जी डिग्री मामले के मुख्य आरोपी राज कुमार राणा की पत्नी अशोनी कंवर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शिमला की विशेष अदालत ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े धन-शोधन मामले में हरियाणा निवासी राज कुमार राणा (पैरोकार) के माध्यम से दायर उस आवेदन को खारिज कर दिया, जिसमें अशोनी ने गिरफ्तारी पूर्व अग्रिम जमानत देने की गुहार लगाई थी। आरोपी अशोनी विदेश में रह रही है। विशेष न्यायाधीश दविंदर कुमार की अदालत ने याचिका खारिज करते हुए टिप्पणी की कि अशोनी के खिलाफ आरोप गंभीर प्रकृति के है और साक्ष्य की जांच के लिए उनकी हिरासत में पूछताछ आवश्यक है। उसे अदालत में पेश होना होगा। उल्लेखनीय है कि 22 जून 2023 में अशोनी को अदालत में पेश होने के लिए लुकआउट सर्कुलर और एनबीडब्लयू समन जारी किए गए, किन वह अदालत में पेश नहीं हुई। इसके बाद 4 नवंबर 2023 को न्यायालय ने उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका है।