भूगर्भीय हलचलों के कारण हिमाचल के पहाड़ भूकंप के झटकों से लगातार हिल रहे हैं। मंगलवार शाम को एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। इससे लोगों में सनसनी फैल गई।
खासकर धर्मशाला और चंबा समेत लाहौल-स्पीति जिलों में भूकंप के झटकों का असर देखने को मिला। भूकंप का केंद्र हिमाचल प्रदेश के चंबा और जम्मू कश्मीर की सीमा पर बताया जा रहा है।
रिक्टर पैमाने पर हालांकि इसकी तीव्रता 5.1 आंकी गई, लेकिन केंद्र रिहायशी इलाकों से दूर होने के कारण किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।
नड्डी स्थित भूकंप वेधशाला के प्रभारी आरएस नेगी के मुताबिक भूकंप मंगलवार शाम 7 बजकर 19 मिनट पर आया, जिसका हिमाचल के कई हिस्सों में असर देखने को मिला। हालांकि इससे किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
उधर, धर्मशाला में भूकंप के कंपन से लोग कुछ देर के लिए घरों और कार्यालयों से बाहर आ गए। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी एक महीने के अंदर ही दो बार जबकि पिछले महीनों लगातार सात से आठ बार भूकंप के झटके हिमाचल में महसूस किए गए हैं।
भूकंप से डोली रियासत, 5.1 रही तीव्रता
जम्मू भूकंप के झटकों से एक बार फिर डोल गई। शाम 7:19 मिनट पर आए भूकंप का केंद्र हिमाचल का केलांग इलाका था और इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.1 दर्ज की गई। भूकंप से किसी जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
केलांग लेह से करीब 111 किलोमीटर की दूरी पर, जबकि कुल्लू से करीब 138 किलोमीटर की दूरी पर है। भूकंप के इन झटकों के बाद लोगों में दहशत रही।
गौरतलब है कि रियासत भूकंप के मामले में बहुत संवेदनशील है और यह सिसमिक जोन चार और पांच में आती है।