पीएनबी और एचआरटीसी के बीच हुआ एमओयू
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) और हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एचआरटीसी) के बीच वीरवार को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू पीएनबी की विशेष सैलरी अकाउंट स्कीम को एचआरटीसी के कर्मचारियों तक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। इससे कर्मचारियों को कई फायदे मिलेंगे।
यह समझौता उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, एसीएस परिवहन आरडी नज़ीम, पीएनबी के जोनल मैनेजर राजेश कुमार और एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल की उपस्थिति में हुआ है। यह सैलरी स्कीम एचआरटीसी के कर्मचारियों नियमित एवं अनुबंध दोनों को व्यापक वित्तीय सुरक्षा, आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं एवं जीवनशैली से जुड़े अनेक लाभ प्रदान करेगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिरता और सुविधा में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इस अवसर पर एचआरटीसी के अन्य बोर्ड सदस्य, वरिष्ठ अधिकारीगण एवं बैंक के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
पीएनबी सैलरी अकाउंट से होने से ये होगा फायदा
व्यापक सैलरी कवरेज 10,000 से 1,50,000 रुपये तक की सैलरी के लिए पात्रता, जिसमें एचआरटीसी के नियमित और अनुबंध कर्मचारी सम्मिलित होंगे। अधिकतम बीमा सुरक्षा, व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा 30 से 125 लाख रुपये का होगा। हवाई दुर्घटना बीमा 60 से 250 लाख का होगा। निःशुल्क टर्म इंश्योरेंस 2 से 8 लाख (वेरिएंट अनुसार) होगा। अस्पताल में भर्ती होने पर 30,000 से 60,000 तक का लाभ मिलेगा। परिवार एवं आश्रितों की सुरक्षा, बच्चों की शिक्षा के लिए 5 लाख रुपये तक का कवर मिलेगा। कन्या विवाह के लिए 10 लाख रुपये तक का कवर मिलेगा। आपातकालीन चिकित्सा व्यय 25,000 रुपये तक और एम्बुलेंस सुविधा 10,000 तक मिलेगी।