हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज और शहरी निकाय चुनाव को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने करीब 200 संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग की व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इन केंद्रों पर कैमरे लगाए जाएंगे और उनकी लाइव मॉनिटरिंग सचिवालय में स्थित नियंत्रण कक्ष से की जाएगी। इससे आयोग को हर मतदान केंद्र की गतिविधियों की वास्तविक समय में जानकारी मिलती रहेगी। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अवैध गतिविधि, बूथ कब्जाने या आचार संहिता उल्लंघन की आशंका को रोकने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की जा रही है। यदि किसी मतदान केंद्र पर संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो संबंधित जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।