पश्चिमी विक्षोभ के चलते मैदानी इलाकों में कोहरा और हिमाचल के कई क्षेत्रों में हल्के बादल छाए हैं, जिसके कारण तापमान में गिरावट आई है।
इसके चलते आगामी दो दिन बाद प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 21 से 24 दिसंबर तक बर्फबारी और बारिश होगी।
इसका असर शिमला पर पड़ेगा और यहां ह्वाइट क्रिसमस की उम्मीद बढ़ गई है। पहाड़ों की राजधानी में 25 दिसंबर को बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है।
पिछले कई दिनों से मौसम में आए बदलाव के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
चार दिनों में शिमला के न्यूनतम तापमान में चार और अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
18 दिसंबर को राजधानी का अधिकतम 16.5 और न्यूनतम 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा कल्पा और केलांग का तापमान माइनस में रिकार्ड किया गया।
बुधवार को प्रदेश के अन्य इलाकों का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहा।
इनमें सुंदर नगर और भुंतर का न्यूनतम तापमान 1.1, धर्मशाला का 6.8, ऊना का 4.0, नाहन का 5.7, पालमपुर का 5.0, डलहौजी का 3.9, सोलन का 1.0, चंबा का 3.0, मनाली का 0.2, कांगड़ा 6.0, बिलासपुर का 6.5 और हमीरपुर का 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 22 दिसंबर व इसके बाद बर्फबारी व बारिश की संभावना है।