चुवाड़ी में अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शन करते युवा। संवाद
- फोटो : Chamba
चंबा। अग्निपथ योजना को लेकर चंबा में युवाओं ने टैक्सी स्टैंड और चुवाड़ी के समीप केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवाओं ने सरकार की इस योजना का पुरजोर विरोध किया। युवाओं ने प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से मांग की है कि इस योजना को शीघ्र वापस लिया जाए। साथ ही गत वर्ष आयोजित शारीरिक दक्षता और मेडिकल उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाए। युवाओं ओम ठाकुर, रोहित कुमार, अजय कुमार, सुनील कुमार, कुशल कुमार, अजय कुमार, सुरेश कुमार आदि का कहना है कि पिछले साल काफी संख्या में जिले के युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया और शारीरिक दक्षता के लिए मैदान में खूब पसीना बहाया। भर्ती में ग्राउंड की बाधा को पार भी किया।
उसके बाद मेडिकल परीक्षण भी उत्तीर्ण किया। हालांकि, सरकार की ओर से भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का शेड्यूल बनाया गया लेकिन कोरोना महामारी के चलते परीक्षा नहीं हो पाई। अब सरकार ने भर्ती को ही रद्द कर दिया है। इससे सैकड़ों युवाओं के सपने चकनाचूर हो गए। युवाओं ने सरकार से मांग की है कि गत वर्ष हुुई भर्ती प्रक्रिया का लिखित परीक्षा शेड्यूल तैयार किया जाए। गौरतलब है कि जिले के बनीखेत में भी अग्निपथ योजना को लेकर प्रदर्शन किया जा चुका है।
आप कार्यकर्ताओं ने भी निकाली रोष रैली
जिला मुख्यालय में शनिवार को आम आदमी पार्टी चंबा के कार्यकर्ताओं ने भी रोष रैली निकाली। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। पार्टी महासचिव सलीम खान सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना लागू कर देश भर में युवाओं के साथ अन्याय किया है। सरकार को इस योजना को वापस लेना चाहिए।