त्रिमथ में पेट्रोल पंप पर मूबलेल की अलमारी के तोड़े गए शीशे।
- फोटो : Chamba
चुवाड़ी(चंबा)। त्रिमथ पेट्रोल पंप में युवकों ने तोड़फोड़ कर दी। इस वजह से क्षेत्र के लोगों को पेट्रोल पंप बंद होने से दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। आरोपी युवक इसके बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार प्रताप शुक्ला ने बताया कि पेट्रोल पंप बंद करने का समय रात दस बजे का निर्धारित किया गया है। ऐसे में शुक्रवार देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे दो युवकों ने पेट्रोल पंप में पहुंचकर अकारण तोड़-फोड़ करना शुरू कर दी। तोड़-फोड़ करने की आवाज सुनकर पेट्रोप पंप के अंदर सोए कर्मचारी उठे, तो दोनों युवक बाइक छोड़ मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही प्रभावित पेट्रोल पंप मालिक भी मौके पर पहुंचें। उन्होंने पुलिस थाना चुवाड़ी में पहुंचकर तोड़-फोड़ की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवकों की बाइक को जब्त कर लिया है। वहीं, पुलिस ने युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पेट्रोल और डीजल के लिए परेशान हुए वाहन मालिक
भटियात विस क्षेत्र में चुवाड़ी कस्बे समेत आसपास के गांवों के लिए एकमात्र पेट्रोल पंप बंद होने से शनिवार को वाहन मालिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसकी वजह यह रही कि तोड़फोड़ की वजह से तकनीकी खराबी आ गई थी। इस वजह से पेट्रोल और डीजल गाड़ियों में नहीं भरा जा सका। दोपहर बाद पंप की मरम्मत की करवाई गई। इसके बाद वाहन मालिकों ने राहत की सांस ली।
पुलिस अधीक्षक चंबा अरुल कुमार ने बताया कि त्रिमथ पेट्रोल पंप में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।