राइजिंग स्टार स्कूल चुवाड़ी की दो दिवसीय स्पोर्ट्स मीट का समापन
खिलाड़ियों ने खो-खो और कबड्डी प्रतियोगिता में दिखाया उत्साह
संवाद न्यूज एजेंसी
चुवाड़ी (चंबा)। खेल मैदान में कहीं फुर्ती की परीक्षा हुई तो कहीं टीम भावना और दमखम का प्रदर्शन देखने को मिला।
राइजिंग स्टार पब्लिक हाई स्कूल चुवाड़ी की दो दिवसीय स्पोर्ट्स मीट में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन पर विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
स्पोर्ट्स मीट में खो-खो, कबड्डी, लंबी कूद, ऊंची कूद और मनोरंजक खेलों की प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विद्यार्थियों ने हर स्पर्धा में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अनुशासन, फुर्ती और आपसी सहयोग का परिचय दिया।
प्रधानाचार्या उषा चाढ़क ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का अहम हिस्सा हैं। वहीं, प्रशासनिक अधिकारी विजय पॉल ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विजेताओं को बधाई दी।