चंबा के भरमौर में प्लानी नाले पर पुल न बन पाने को लेकर सबंधित विभाग को धरना प्रदर्शन बारे सूचित
भरमौर(चंबा)। भरमौर-बडग्रां मार्ग पर लंबे समय से पलानी नाले पर पुल न बनने से नाराज ग्रामीण लोक निर्माण विभाग के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठेंगे।
इसके लिए ग्रामीणों ने एसडीएम, एसएचओ और लोक निर्माण विभाग के एसडीओ को लिखित में अवगत करवा दिया है। सोमवार को ग्रामीणों ने इन सभी अधिकारियों को लिखित में पत्र देकर अपने धरने से अवगत करवाया। ग्रामीण लोक निर्माण विभाग के बार-बार दिए जाने वाले आश्वासन से तंग आ चुके हैं। उन्होंने इस बार आर-पार की लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है। लोक सभा चुनाव का बहिष्कार करने को लेकर ग्रामीण पहले ही घोषणा कर चुके हैं, लेकिन अब ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय के बाहर धरना देने की योजना बनाई है।
पूलन पंचायत की प्रधान अनिता कपूर और उप प्रधान सुनील कुमार ने बताया कि पलानी नाले में पुल के निर्माण का कार्य दो दशक से चला हुआ है। यह कार्य कब पूरा होगा, इस बारे में विभाग को भी कोई कोई जानकारी नहीं है। विभाग की तरफ से ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया था कि अप्रैल के अंत में पुल का सामान पलानी में पहुंच जाएगा, लेकिन इस आश्वासन को पूरा करने में विभाग नाकाम रहा। इससे विभाग की मंशा साफ नजर आती है। इसके चलते ग्रामीणों ने अब विभाग के कार्यालय के बाहर धरना देने का फैसला लिया है। धरने को लेकर जल्द ही तिथी निर्धारित कर दी जाएगी। पहले सिर्फ बड़ग्रां पंचायत के लोग ही लोनिवि के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे थे। अब उनके समर्थन में महिला मंडल, जन चेतना मंच और पूलन पंचायत भी आ गए हैं। नाले में पुल नहीं बनने से लोग जान जोखिम में डालकर नाले को पार कर रहे हैं।