किहार (चंबा)। किहार सेक्टर के तहत ग्राम पंचायत किलोड़ के गांव त्रिभोल में दंगल का आयोजन किया। इस मौके पर समाजसेवी संजय कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। दंगल में दूर दराज के पहलवानों ने भाग लिया। इसमें पंजाब, हरियाणा और हिमाचल के पहलवान शामिल रहे। दंगल में बड़ी माली के लिए तीसा के शरीफ मोहम्मद और कल्हेल के नजीर मोहम्मद के बीच मुकाबला हुआ। इसमें शरीफ मोहम्मद ने बाजी मारी। छोटी माली में टिकरी के क्यूम खान ने किहार के शाकिब हुसैन को पटकनी दी।
मेला कमेटी की ओर से बड़ी माली विजेता पहलान को 6500 रुपये और उपविजेता पहलवान को 45 सौ रुपये देकर सम्मानित किया गया। जबकि छोटी माली विजेता पहलवान को चार हजार और उपविजेता पहलवान को तीन हजार रुपये देकर पुरस्कृत किया गया। बतौर मुख्यातिथि मौजूद समाजसेवी संजय कुमार ने मेला कमेटी की सराहना की। इसके साथ ही अपनी तरफ से मेले के सफल आयोजन के लिए 5100 रुपये भेंट किए।
उन्होंने कहा कि इस तरह के मेले आयोजित होने रहने चाहिए। मेलों से आपसी भाईचारे में बढ़ोतरी होती है। मेला कमेटी के चेयरमैन मुज्जफर खान ने बताया कि इस बार मेले का आयोजन सफल रहा। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष मेले में ईनामी राशि को बढ़ाया जाएगा। जिससे मेले की शोभा बढ़ सके।