सिहुंता (चंबा)। कहते हैं कि जब काम सिर्फ नौकरी न रहकर जुनून बन जाए तो वह असाधारण रूप ले लेता है। ऐसा ही एक अनोखा और प्रेरणादायक दृश्य चंबा जिले के ककरोटी क्षेत्र में देखने को मिला है, जहां एचआरटीसी के एक चालक ने अपनी नौकरी के प्रति प्रेम को अनूठी रचना में ढाल दिया। चालक ने अपने घर की छत पर लकड़ी और टीन से हूबहू सरकारी बस का निर्माण कर डाला है।
लकड़ी और टिन से तैयार की गई इस बस को एचआरटीसी के असली रंग-रोगन, डिजाइन और पहचान चिह्नों के साथ सजाया गया है। बस में सीटें और स्टीयरिंग व्हील भी लगाए गए हैं, जिससे यह पूरी तरह वास्तविक बस का आभास देती है। दूर से देखने पर कोई भी व्यक्ति इसे असली बस समझ बैठता है। यह अनोखा निर्माण अब पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बन गया है।
स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले पर्यटक भी इस अद्भुत बस को देखने पहुंच रहे हैं। लोग चालक की मेहनत, रचनात्मक सोच और अपने पेशे के प्रति समर्पण की जमकर सराहना कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने ऐसा दृश्य पहली बार देखा है, जहां किसी व्यक्ति ने अपनी नौकरी को इस तरह कला और जुनून में बदल दिया हो।
यह पहल न केवल एक शौक का परिणाम है बल्कि यह संदेश भी देती है कि यदि इंसान अपने काम से प्रेम करे, तो वही काम उसकी पहचान बन सकता है। एचआरटीसी चालक की यह अनोखी रचना अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन रही है।
खाना-पीना, जागना-सोना सब कुछ बस से
श्रीधर ने बताया कि जब भी वह घर पर होते हैं, तो इसी बस में बैठते, खाते और समय बिताते हैं। उनके लिए यह बस सिर्फ एक ढांचा नहीं बल्कि उनके संघर्ष, मेहनत और पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में भर्ती होने के बाद से ही उनका जीवन पूरी तरह इस नौकरी से जुड़ गया है। सरकारी बस चालक होना उनके लिए सिर्फ रोजगार नहीं बल्कि उनका पूरा जीवन है। इसी लगाव को साकार रूप देने के लिए उन्होंने अपने घर की छत पर सरकारी बस बनाने का निर्णय लिया।
मेकेनिक को बुला तैयार करवाया ढांचा, फोटो खिंचवाने पहुंच जाते हैं लोग
श्रीधर ने बताया कि उन्होंने एक मेकेनिक की मदद से अपनी सोच के अनुसार बस का ढांचा तैयार करवाया। बस की डिजाइन पूरी तरह उनके अपने दिमाग की उपज है। इसे बाकायदा पेंट करवाया गया है और जिस रूट पर वह सेवाएं देते हैं, धर्मशाला-भरमौर, वह भी बस पर लिखा गया है, ताकि यह पूरी तरह असली एचआरटीसी बस जैसी लगे। उन्होंने कहा कि जब पर्यटक इस अनोखी बस को देखते हैं तो बेहद खुश और हैरान हो जाते हैं। कई लोग इसके साथ फोटो भी खिंचवाते हैं।