मिआड़ी गला के पास रस्सी से वाहन को रोकते कर्मचारी।
- फोटो : Chamba
खज्जियार (चंबा)। चंबा-खज्जियार मार्ग पर मियाड़ीगला के समीप लकड़ी तस्करों पर शिकंजा कसने और खज्जियार पहुंचने वाले पर्यटकों की गाड़ियां रोकने के लिए लोहे के बैरियर की व्यवस्था आज तक नहीं हो पाई है। वर्तमान में एक पतली रस्सी के सहारे वाहनों को रोका जा रहा है। एक तरफ यहां चेकपोस्ट स्थापित है तो वहीं, दूसरी तरफ वन विभाग की निरीक्षण चौकी भी है। लिहाजा, एक पतली रस्सी के सहारे वाहन तो नहीं रुक रहे हैं लेकिन कई बार यह रस्सी वाहनों से फंसकर टूट जरूर चुकी है।
वहीं, वन्य प्राणी विभाग के अधिकारियों ने इसके बारे में अनभिज्ञता जाहिर की है। जानकारी के मुताबिक चंबा-खज्जियार मार्ग पर मियाड़ीगला के समीप लकड़ी तस्करों को रोकने और पर्यटकों से ग्रीन सेस सहित सेंक्चुरी एरिया में प्रवेश करने का शुल्क वसूलने के लिए चेकपोस्ट और वन निरीक्षण चौकी स्थापित की गई है। हर साल इसके लिए टेंडर किए जाते हैं। हैरानी की बात तो यह है कि अब तक यहां लोहे के बैरियर की व्यवस्था नहीं हो पाई है। पतली रस्सी से ही वाहनों को रोका जा रहा है जिससे कई बार वाहन चालक रस्सी तोड़कर भाग भी जाते हैं। चंद्रेश कुमार, अमर चंद, धर्म सिंह, सुरेंद्र सिंह, देवी चंद, अजय कुमार और रोहित कुमार ने वन्य प्राणी विभाग से मांग की है कि चेकपोस्ट के समीप ही लोहे के बैरियर का प्रावधान करवाया जाए।
वन्य प्राणी विभाग के उपमंडलाधिकारी राजीव कुमार का कहना है कि यह मामला उनके ध्यान में लाया गया है। कहा कि जल्द यहां लोहे का बैरियर स्थापित करने के प्रयास किए जाएंगे।