खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल में पैराग्लाइडिंग पर पाबंदी लगने से सैलानियों की आमद भी कम हो गई है। पर्यटन विभाग ने 15 सितंबर तक पाबंदी लगाई है। खज्जियार में अकसर सैलानी पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठाने के लिए आते हैं।
डलहौजी से उनकी बुकिंग हो जाती है। जब से पाबंदी लगी है कि 40 फीसदी सैलानियों की कमी आंकी गई है। इस वजह से होटल सहित अन्य छोटे बड़े कारोबारी चिंतित हैं। हालांकि, यह पाबंदी हर साल लगाई जाती है लेकिन सैलानियों के लिए पैराग्लाइडिंग अब मनोरंजन का मुख्य आकर्षण बन चुका है।
अशोक कुमार, विशाल ठाकुर, चमन सिंह, रवि कुमार, योगराज, सुरेंद्र और धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जबसे यहां पैराग्लाइडिंग की साइटें बढ़ी हैं, तब से सैलानियों की संख्या में भी काफी इजाफा हुआ है। 15 सितंबर तक यहां पर्यटन कारोबार ढ़ीला रहेगा। उसके बाद जैसे ही पैराग्लाइडिंग शुरू होगी तो फिर से सैलानियों की संख्या बढ़ना शुरू हो जाएगी। संवाद