चंबा। जिले की प्राथमिक पाठशालाओं में पहली से तीसरी कक्षा में शिक्षा ग्रहण कर रहे हजारों विद्यार्थी अब गणित और हिंदी में निपुण होंगे। समग्र शिक्षा के तहत सभी प्राथमिक पाठशालाओं में निपुण भारत अभियान के तहत अध्यापक विद्यार्थियों को पढ़ाई करवा रहे हैं।
इस अभियान के तहत विद्यार्थियों को खेल-खेल में गणित और हिंदी विषय पढ़ाया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि हो सके।
जानकारी के अनुसार जिला चंबा में 1196 प्राथमिक स्कूल हैं। जहां यह निपुुण भारत अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों के जरिये बच्चों को हिंदी और गणित विषय पढ़ाया जा रहा है। इसमें फ्लैश कार्ड, कंप्यूटर, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधन और सरकार की ओर से दिया गया रेडीमेड टीचिंग लर्निंग मैटीरियल आदि शामिल है।
अध्यापक अपने स्तर पर भी नवाचार कर रहे हैं, ताकि बच्चों को आसानी से गणित और हिंदी विषय समझ आ सके। समग्र शिक्षा के जिला परियोजना अधिकारी चंबा राजेश शर्मा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि निपुण भारत के तहत स्कूलों को जारी कार्य योजना के तहत बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गणित और हिंदी में निपुण करना है।
हर कक्षा के लिए अलग योजना
निपुण भारत के तहत पहली और तीसरी कक्षा के लिए अलग कार्य योजना तैयार की गई है। अध्यापक भी इस कार्य योजना के तहत विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं। इसके अलावा दो माह बाद इसकी मानीटरिंग भी जाएगी।