डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी डलहौजी में 65 करोड़ रुपये की पेयजल योजना तैयार है। इस योजना की टेस्टिंग की जा रही है और शहर को आपूर्ति के लिए आहला टैंक तक पानी पहुंचा दिया है। सब ठीक रहा तो अगले दो से तीन महीने में इस योजना का लाभ लोगों को मिलना शुरू हो जाएगा।
जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश मोंगरा ने डलहौजी के सर्किट हाउस में बताया कि डलहौजी शहर के लिए नई स्कीम के चलते पानी की स्टोरेज काफी बढ़ गई है। जहां पुरानी स्टोरेज 24 से 25 लाख लीटर तक थी, जो अब बढ़कर 70 लाख लीटर तक हो गई है। जिससे अब डलहौजी में पानी की कोई समस्या नहीं होगी। नई स्कीम के तहत डलहौजी शहर में जगह जगह स्टोरेज टैंक बनाए गए हैं।
20 दिन पहले इस योजना का निरीक्षण किया गया है। साल के पहले दिन डलहौजी के आहला स्थित टैंक, जहां से डलहौजी नगर के लिए पानी की सप्लाई होती है, वहां पानी पहुंचा दिया गया है। डलहौजी के सभी वार्डों में पानी के समय और कितने घंटे पानी की सप्लाई होगी, यह सब टेस्टिंग अवधि के दौरान सेट किया जाएगा। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता दविंदर राणा, एसडीओ राजेंद्र कुमार और जेई शिशुपाल भी मौजूद रहे।