सलूणी (चंबा)। सलूणी क्षेत्र में बारिश से जलशक्ति विभाग को काफी नुकसान हुआ है। विभाग की करीब 140 पेयजल योजनाओं को नुकसान पहुंचा है। वहीं, दूसरी तरफ करीब 20 सिंचाई योजनाएं प्रभावित हुई हैं। अधिकारियों ने नुकसान का आकलन तैयार इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। वहीं, दूसरी ओर विभाग पेयजल और सिंचाई योजनाओं को बहाल करने के लिए प्रयासरत है। इसके अलावा पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कर्मचारी फील्ड में जुटे हुए हैं। साथ ही अधिकारी भी रोजाना फीडबैक ले रहे हैं।
हालांकि, अभी भी कुछ गांवों में पानी की आपूर्ति बाधित पड़ी हुई है जिसे बहाल करने में विभागीय कर्मचारी जुटे हुए हैं। जलशक्ति विभाग सलूणी को करीब आठ करोड़ का नुकसान हुआ है। गौरतलब है कि जिले में बीते दिनों भारी बारिश हुई। इसके चलते जहां सड़कें बाधित हुईं तो वहीं दूसरी तरफ पेयजल योजनाओं को भी नुकसान पहुंचा। इसकी पुष्टि जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता देस राज ने की है। कहा कि पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विभागीय अधिकारी प्रयासरत हैं।