खज्जियार (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कोहलड़ी में प्रवक्ताओं की कमी का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि अधूरे स्टाफ से ही विद्यालय चल रहा है। अभिभावकों का कहना है कि पिछले लंबे अरसे से प्रवक्ताओं के पदों को नहीं भरा गया है, जिसके चलते विद्यार्थी चाहकर भी अपने पसंद के विषय नहीं पढ़ पा रहे हैं।
स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार और अभिभावकों सुदर्शन कुमार, रविंद्र, महिंद्र, सोनू, किशोरी लाल, प्रताप चंद,धर्म चंद आदि का कहना है कि स्कूल में टीजीटी नॉन मेडिकल, जीव विज्ञान, भाषा अध्याापक, पीटीआई समेत सुपरिंटेंडेंट के पद खाली पड़े हैं। ऐसे में स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे 250 विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, कई बार शिक्षा विभाग और सदर विधायक को भी अवगत करवा चुके हैं। विधायक की ओर से खाली पदों को भरने का आश्वासन दिया गया है लेकिन, अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। अभिभावकों को मजबूरन अपने बच्चों का दाखिला 30 किमी दूर जिला मुख्यालय में स्थित स्कूलों में करवाना पड़ रहा है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक प्यार सिंह चाढ़क ने बताया कि इसके बारे में उच्चाधिकारी को अवगत करवाया गया है।