होली (चंबा)। उपमंडल होली के कीह नाला में कंपनी के पावर हाउस साइट पर टेस्टिंग के दौरान पानी की लीकेज से कीह गांव के दो मकानों, मंदिर और पानी के स्रोत को खतरा पैदा हो गया है।
रविवार देर रात 12 बजे अचानक लीकेज से मकान के भीतर और बाहर पानी आ गया। इसे प्रभावित परिवार ने जैसे-तैसे कर पानी का बहाव नाले की ओर कर दिया। इससे मकान को नुकसान का अंदेशा है। वहीं कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि टनल में पानी डाला गया है। पहले टनल खाली होने से अन्य सोर्स का पानी टनल से बाहर निकला है। विभागीय अधिकारियों की माने तो मामले की जांच का जिम्मा तहसीलदार को सौंपा है।
प्रभावित विनोद कुमार ने बताया कि रविवार रात 12 बजे अचानक उनके मकान के आस-पास और अंदर पानी आ गया। उनके किरायेदारों ने उन्हें जगा कर इस बारे में सूचना दी। इसके बाद परिजनों और किरायेदारों से मिल कर पानी को नाले की ओर मोड़ दिया। इससे बड़ा नुकसान होने से बचाया। उन्होंने कहा कि जीएमआर कंपनी की टनल में पानी का रिसाव होने से कीह गांव के पास स्थित काली माता मंदिर समेत प्राकृतिक जलस्रोत को खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से बड़ी त्रास्दी होने से बचाने की मांग की है।
स्रोत का पानी वापस
कंपनी के एचआर ने बताया कि टनल खाली होने से स्रोत का पानी टनल में आता है। अब टनल में पानी छोड़ने से स्रोत का पानी वापस हुआ है। इससे कोई नुकसान नहीं होगा।
आज मिलेगी रिपोर्ट
एसडीएम भरमौर मनीष सोनी ने कहा कि पानी आने की शिकायत उनके पास पहुंची है। मामले की जांच का जिम्मा तहसीलदार को सौंपा है। मंगलवार तक रिपोर्ट उनके पास आएगी।