चुराह के पुख्तला में आग लगने के बाद क्षतिग्रस्त मकान।
- फोटो : Chamba
चंबा। चुराह विधानसभा क्षेत्र के पुख्तला गांव में तीन भाइयों का दो मंजिला स्लेटपोश मकान जलकर राख हो गया। इससे प्रभावितों को लाखों का नुकसान हुआ है। सोमवार सुबह पांच बजे के करीब अचानक मकान में आग भड़क गई।
परिवार ने बाहर निकल कर जान बचाई। मकान को बचाने के लिए ग्रामीणों ने बालटियों से पानी भरकर आग में फेंकना शुरू किया। साथ ही घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना पाते ही बचाव के लिए विभागीय दल मौके पर पहुंच गया। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार करके मकान में लगी आग पर काबू पाया। लकड़ी से बना होने की वजह से आग थोड़े ही पल में भयंकर हो गई। इस कारण मकान के अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।
यह मकान अमरनाथ, भादर सिंह और जोद्धा सिंह पुत्र भगवान दास के नाम पर हैं। हालांकि तीनों भाईयों ने अपने रहने के लिए नए मकान डाल रखे हैं। कभी कभार इस मकान में रहने के लिए आते हैं। ज्यादातार मकान को सामान रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और संबंधित पटवारी भी मौके पर पहुंच गए। पटवारी ने आग से हुए नुकसान की रिपोर्ट बनाई। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि मकान के साथ बिजली की काफी पुराने तार लटके थे। जहां पर शॉट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि पुख्तला में मकान में आग लगने की घटना सामने आई है। कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
चुराह के पुख्तला में आग लगने से धूं-ध कर जलता मकान।- फोटो : Chamba