विभागीय कर्मचारी देखकर भी बने अंजान, लोगों की बढ़ी समस्या
पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल रहा पानी, जुगाड़ करके कर रहे गुजारा
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल में जल शक्ति विभाग की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। पाइप लीक होने से पीने का पानी व्यर्थ बह रहा है। चार गांवों के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिलने से परेशानी हो रही है।
विभागीय कर्मचारी लीक हो रहे पाइप को ठीक करवाने के बजाय देखकर भी अनदेखा कर रहे हैं। इसको लेकर स्थानीय लोगों में रोष है।
लाहड़ा, बाड़ी, नोजिमी, लिंडिबेई और दरोल गांव में पानी की किल्लत शुरू हो गई है। ग्रामीणाें में बबलू, सुरेंद्र, कमल कुमार, योगराज, विशाल, सोनू, रिंकू और अजय कुमार ने बताया कि कहने के लिए खज्जियार पंचायत मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से मशहूर पर्यटन स्थल का हिस्सा है लेकिन यहां ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए आज भी संघर्ष करना पड़ रहा है। पिछले कई दिनों से लीक हो रहे पाइप से पीने का पानी बह रहा है। इसे ठीक करने के लिए कोई भी विभागीय कर्मचारी आगे नहीं आ रहा है। उन्होंने प्रशासन और विभाग से मांग की है कि पाइप की लीकेज को ठीक करके गांवों में पानी की आपूर्ति सुचारू की जाए। उधर, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि जल्द ही पाइप को ठीक करवा दिया जाएगा। संवाद