गैस न मिलने से उपभोक्ताओं में रोष, अलग छोटी गाड़ी भेजने की उठाई मांग
सुबह से इंतजार करते रहे क्षेत्र के लोग, सिलिंडर नहीं मिलने से हुए निराश
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार में सोमवार को इंडेन गैस सिलिंडर की गाड़ी का दिनभर इंतजार करते रहे उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा। खज्जियार पहुंचने से पहले ही गाड़ी में सिलिंडर खत्म हो गए। इससे स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि बार-बार ऐसी स्थिति बनने से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी मनीष, शशि, अरुण, रवि, जगिंदर, अनूप, उत्तम, अशोक, रमेश, राजकुमार, रुमालु और मान चंद ने बताया कि वे सुबह से ही गैस सिलिंडर मिलने की उम्मीद में इंतजार कर रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि गाड़ी पहुंचने पर घरेलू गैस की आपूर्ति हो जाएगी, लेकिन सिलिंडर खत्म होने के कारण उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया।
लोगों के अनुसार खज्जियार के लिए आने वाली गैस की गाड़ी में कई बार रास्ते में ही सिलिंडर समाप्त हो जाते हैं। ऐसे में वाहन खज्जियार पहुंचने से पहले ही खाली हो जाता है और उपभोक्ताओं को बिना गैस के लौटना पड़ता है। इससे घरेलू कामकाज प्रभावित होने के साथ लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि गैस सिलिंडर की गाड़ी पहले खज्जियार भेजी जाए, ताकि यहां के उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के लिए अलग से एक छोटी गाड़ी चलाने की व्यवस्था करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि इससे बार-बार होने वाली परेशानी से राहत मिल सकती है।
उधर, इंडेन गैस एजेंसी के मैनेजर राजमल ने बताया कि खज्जियार के लिए विशेष रूप से दोबारा छोटी गाड़ी भेजी जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर उपलब्ध करवाए जा सकें।